PSEB 8th Class Hindi Vyakaran संज्ञा

Punjab State Board PSEB 8th Class Hindi Book Solutions Hindi Grammar Sangya संज्ञा Exercise Questions and Answers, Notes.

PSEB 8th Class Hindi Grammar संज्ञा

प्रश्न 1.
संज्ञा की परिभाषा लिखो और उसके भेद बताओ।
अथवा
संज्ञा किसे कहते हैं ? उसके कितने भेद हैं ?
उत्तर:
किसी व्यक्ति, स्थान, वस्तु, जाति, गुण या भाव का बोध कराने वाले शब्द को संज्ञा कहते हैं; जैसे-राम, कृष्ण, दिल्ली, सिंह, पुस्तक, गर्मी, सुन्दरता, दया आदि।
संज्ञा के तीन भेद हैं-
(1) व्यक्तिवाचक
(2) जातिवाचक
(3) भाववाचक।
1. व्यक्तिवाचक : जो शब्द किसी विशेष व्यक्ति, स्थान आदि का बोध कराए, उसे व्यक्तिवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे-कृष्ण, दिल्ली, गंगा आदि।
2. जातिवाचक : जो शब्द किसी सम्पूर्ण जाति का बोध कराए, उसे जातिवाचक संज्ञा कहा जाता है; जैसे-स्त्री, पुरुष, पशु, नगर आदि।
3. भाववाचक : जो शब्द किसी धर्म, अवस्था, भाव, गुण, दोष आदि प्रकट करे, उसे भाववाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे-मिठास, मानवता, सत्यता आदि।

PSEB 8th Class Hindi Vyakaran संज्ञा

प्रश्न 2.
भाववाचक संज्ञा का निर्माण किस प्रकार होता है ?
उत्तर:
भाववाचक संज्ञा जातिवाचक संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया-विशेषण और निरर्थक शब्द से बनती है।
(i) जातिवाचक संज्ञा से मनुष्य से मनुष्यता, शिशु से शैशव, लड़का से लड़कपन आदि।
(ii) सर्वनाम से-अपना से अपनापन, सर्व से सर्वस्व, स्व से स्वत्व, अहं से अहंकार आदि।
(iii) विशेषण से-अच्छा से अच्छाई, सुन्दर से सौन्दर्य, भला से भलाई, उष्ण से उष्णीय आदि।
(iv) क्रिया से:-दौड़ना से दौड़, हँसना से हँसी, हँसाई, लड़ना से लड़ाई, पुकारना से पुकार, सजाना से सजावट आदि।
(v) क्रिया-विशेषण से-दूर से दूरी, समीप से समीपता, शीघ्र से शीघ्रता आदि।
(vi) निरर्थक शब्दों से-चरचराहट, सरसराहट, भिनभिनाहट आदि।

प्रश्न 3.
जातिवाचक संज्ञा किसे कहते हैं ? उदाहरण देकर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
जातिवाचक संज्ञा-जो शब्द किसी सम्पूर्ण जाति का बोध कराए, उसे जातिवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे-स्त्री, पुरुष, पशु, नगर आदि।

प्रश्न 4.
व्यक्तिवाचक संज्ञा जातिवाचक संज्ञा कैसे बन जाती है ? उदाहरण देकर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
व्यक्तिवाचक संज्ञा का प्रयोग सदा एकवचन में होता है, परन्तु जब कोई व्यक्तिवाचक संज्ञा व्यक्ति विशेष का बोध न करा कर उस व्यक्ति जैसे गुणों या दोषों से युक्त अनेक व्यक्तियों का बोध कराती है तब वह व्यक्तिवाचक न रहकर जातिवाचक हो जाती है; जैसे-विभीषणों से बचकर रहो।

अति लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
नीचे लिखे वाक्यों में से संज्ञा शब्द चुनकर लिखें
(क) राम पढ़ता है।
(ख) खिलाड़ी खेलता है।
(ग) गाय घास चरती है।
(घ) सिंह दहाड़ता है।
(ङ) पक्षी उड़ते हैं।
उत्तर:
(क) राम
(ख) खिलाड़ी
(ग) गाय, घास
(घ) सिंह
(ङ) पक्षी।

PSEB 8th Class Hindi Vyakaran संज्ञा

प्रश्न 2.
नीचे लिखे वाक्यों में से भाववाचक संज्ञा चुनकर लिखें
(क) शीला की पढ़ाई कैसी चल रही है।
(ख) यह जानकर मुझे प्रसन्नता हुई।
(ग) सुंदरता एक आभूषण है।
(घ) हमेशा सच्चाई की जीत होती है।
(ङ) आवश्यकता आविष्कार की जननी है।
(च) निर्धनता उसका रास्ता रोक रही थी।
उत्तर:
(क) पढ़ाई
(ख) प्रसन्नता
(ग) सुंदरता
(घ) सच्चाई
(ङ) आवश्यकता
(च) निर्धनता।

प्रश्न 3.
नीचे लिखे वाक्यों की भाववाचक संज्ञाएँ बदलो-
उत्तर:
(क) गन्ना मीठा होता है। – गन्ने में मिठास होती है।
(ख) हर व्यक्ति अच्छा होना चाहिए। – हर व्यक्ति में अच्छाई होनी चाहिए।
(ग) फूल बहुत सुंदर है। – फूल में बहुत सुंदरता है।
(घ) मनुष्य को कृतघ्न नहीं होना चाहिए। – मनुष्य में कृतघ्नता नहीं होनी चाहिए।
(ङ) यह बात उचित है। – इस बात में औचित्य है।
(च) हमारे देश में विषम परिस्थितियाँ हैं। – हमारे देश में विषमता पूर्ण परिस्थितियाँ हैं।
(छ) कच्चा आम खट्टा होता है। – कच्चे आम में खटास होती है।
(ज) देश में अनेक प्राकृतिक स्रोत हैं। – देश में प्राकृतिक स्रोतों की अनेकता है।
(झ) वह बड़ा कुरूप आदमी है। – उस आदमी में बड़ी कुरूपता है।
(ञ) सत्य एक उत्तम गुण है। – सत्यता एक उत्तम गुण है।
(ट) साँप एक मीटर लम्बा था। – साँप की लम्बाई एक मीटर थी।

Leave a Comment